
रिपोर्ट/हैदर अली
बरेली में गौकशी गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, फायरिंग में घायल दो शातिर आरोपी गिरफ्तार
यूपी। बरेली के थाना बारादरी क्षेत्र में गौकशी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बारादरी पुलिस ने देर रात हुई मुठभेड़ के बाद गौकशी में संलिप्त दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 17/18 दिसंबर 2025 की रात थाना बारादरी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गौकशी की नीयत से दो संदिग्ध व्यक्ति फाइव एंक्लेव के पीछे खेतों और जंगल के आसपास घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों अभियुक्त घायल हो गए।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रिजवान उर्फ पिन्ना निवासी सूफी टोला और जुनैद निवासी कटी कुईया, थाना बारादरी के रूप में हुई है। दोनों को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल बरेली में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहे और गौकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं। रिजवान उर्फ पिन्ना के पास से 12 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस मिले, जबकि जुनैद के पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। इसके अलावा दोनों से संयुक्त रूप से मीट काटने का बड़ा लकड़ी का गुटका, तीन चाकू, तीन रस्सियां, एक टॉर्च, चार प्लास्टिक की बोरियां और दो पिन्नियां बरामद हुई हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे सुनसान इलाकों में घूमने वाले गौवंशीय पशुओं की तलाश कर उन्हें काटते थे और मांस को चोरी-छिपे बेचते थे। इस मामले में थाना बारादरी पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में गौकशी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा। किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
