
रिपोर्ट/हैदर अली
घने कोहरे ने रोकी उड़ानें: बरेली–मुंबई फ्लाइट रद्द, 461 यात्री परेशान
बृहस्पतिवार की उड़ानों पर भी असमंजस, इंडिगो ने रिफंड प्रक्रिया शुरू की
बरेली में लगातार दूसरे दिन भी घना कोहरा छाए रहने से जनजीवन के साथ हवाई सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित रहीं। कम दृश्यता के चलते बरेली से मुंबई आने-जाने वाली सभी उड़ानों को सुरक्षा कारणों से निरस्त कर दिया गया, जिससे कुल 461 यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम की स्थिति को देखते हुए बृहस्पतिवार की उड़ानों को लेकर भी संशय बना हुआ है।
मंगलवार को बंगलूरू से बरेली आ रहा विमान यहां लैंड नहीं कर सका। विमान ने करीब 20 मिनट तक एयरपोर्ट के ऊपर चक्कर लगाए, लेकिन दृश्यता बेहद कम होने के कारण अंततः उसे दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। इस उड़ान के निरस्त होने से भी बड़ी संख्या में यात्री प्रभावित हुए थे।
बुधवार को मुंबई से बरेली आने वाले 223 यात्रियों और बरेली से मुंबई जाने वाले 234 यात्रियों की टिकट बुकिंग थी, लेकिन कोहरे के कारण दोनों ही उड़ानें रद्द कर दी गईं। एक ही दिन में दो उड़ानें निरस्त होने से 461 यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के सिविल एन्क्लेव बरेली के निदेशक अवधेश अग्रवाल ने बताया कि कम दृश्यता के चलते सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मुंबई की उड़ानें निरस्त की गईं। मुंबई एयरपोर्ट से भी बरेली के लिए विमान उड़ान नहीं भर सका, जिसके कारण बरेली से मुंबई जाने वाली फ्लाइट भी रद्द करनी पड़ी।
उन्होंने बताया कि इससे पहले मंगलवार को बंगलूरू की उड़ान निरस्त होने से भी 471 यात्री प्रभावित हुए थे। बृहस्पतिवार की उड़ानों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। जिन यात्रियों की उड़ानें रद्द हुई हैं, उनके लिए इंडिगो एयरलाइंस ने टिकट रिफंड की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि बरेली में पिछले दो दिनों से घना कोहरा छाया हुआ है। बुधवार को दिनभर धूप नहीं निकल सकी, जिससे ठंड और कोहरे का असर और अधिक बढ़ गया।
