
बरेली के विजय कुमार दीनानाथ बने पैरा क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया के यूपी प्रदेश अध्यक्ष
रिपोर्ट /फिरोज खान
दिव्यांग खिलाड़ियों को मिलेगा मजबूत नेतृत्व, संगठन ने सामाजिक सेवा के आधार पर सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
बरेली। उत्तर प्रदेश में पैरा क्रिकेट को नई पहचान और मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। बरेली के चक महमूद (ओल्ड सिटी) निवासी विजय कुमार ‘दीनानाथ’ को पैरा क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (Para Cricket Club of India – PCCI) का उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष (Executive President) नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें संगठन का एग्जीक्यूटिव मेंबर भी बनाया गया है।
पैरा क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया एक राष्ट्रीय स्तर का सामाजिक संगठन है, जो दिव्यांग खिलाड़ियों को क्रिकेट के क्षेत्र में मंच, प्रशिक्षण और अवसर प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
यह नियुक्ति 11 फरवरी 2026 को जारी संगठन के आधिकारिक पत्र (रेफरेंस नंबर PCCI/00046/25) के माध्यम से की गई। यह पत्र हिमाचल प्रदेश के मंडी स्थित संगठन के मुख्यालय से जारी किया गया है।
नियुक्ति पत्र में बताया गया है कि संगठन की चेयरपर्सन डॉ. अनुभूति चौहान के निर्देश पर यह जिम्मेदारी दी गई है। महासचिव संगीत चौहान द्वारा हस्ताक्षरित पत्र में उम्मीद जताई गई है कि विजय दीनानाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में पैरा क्रिकेट को नई दिशा मिलेगी और दिव्यांग खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह पद मानद (Honorary) रहेगा और इसके लिए कोई वेतन या भत्ता नहीं दिया जाएगा। संगठन के नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।
विजय कुमार दीनानाथ ने इस नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे प्रदेश में पैरा क्रिकेट को सशक्त बनाने और दिव्यांग खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
