दुकान विवाद के बाद बढ़ा मामला, पांच लोग हिरासत में, पुलिस टीमें गठित

सै.हैदर उस्मान /दैनिक विचार
बरेली/फरीदपुर।फरीदपुर कस्बे में बुधवार देर शाम एक मामूली दुकान विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब दबंगों का एक समूह भाजपा के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) कुंवर महाराज सिंह के आवास में घुस गया। आरोप है कि इस दौरान एमएलसी के मैनेजर के साथ अभद्रता और गाली-गलौज की गई। पुलिस ने मौके से दोनों पक्षों के पांच लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं।जानकारी के अनुसार, मोहल्ला फर्रखपुर निवासी पंचम यादव की सब्जी मंडी में मीट की दुकान है। पास ही गुड्डू अली की कॉस्मेटिक और चूड़ियों की दुकान स्थित है। बुधवार शाम किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। आरोप है कि गुड्डू अली ने अपने कई साथियों को मौके पर बुला लिया।स्थिति बिगड़ने पर पंचम यादव जान बचाने के लिए करीब आधा किलोमीटर तक दौड़ता हुआ एमएलसी कुंवर महाराज सिंह के आवास में घुस गया। उस समय घर में एमएलसी की पत्नी कामिनी सिंह और मैनेजर डिंपल सिंह मौजूद थे। दोनों ने पंचम को सुरक्षित रखने के लिए उसे पकड़कर बाहर ले जाने का प्रयास किया।इसी दौरान गुड्डू अली और उसके साथी भी एमएलसी के आवास में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर दबंगों ने मैनेजर के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिससे आवास में अफरा-तफरी मच गई।घटना की सूचना मिलते ही मैनेजर ने फोन पर एमएलसी को जानकारी दी। उस समय कुंवर महाराज सिंह बरेली में पार्टी संगठन की बैठक में शामिल थे। उन्होंने तत्काल फरीदपुर इंस्पेक्टर को सूचना दी और स्वयं बैठक छोड़कर आवास के लिए रवाना हो गए। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गए।पुलिस ने मौके से पंचम यादव पक्ष के दो और गुड्डू अली पक्ष के तीन लोगों को हिरासत में लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच पुलिस टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।इस मामले में एमएलसी कुंवर महाराज सिंह ने कहा कि “मेरे आवास की सुरक्षा में सेंध लगना बेहद गंभीर विषय है। दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।”वहीं, सीओ फरीदपुर संदीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और शेष आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
