
सै.हैदर उस्मान
बरेली के सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना श्रमिकों और गांवों के विकास के लिए शुरू की गई थी, लेकिन 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने के बावजूद गांवों में अपेक्षित विकास नहीं हो सका।डिप्टी सीएम ने मनरेगा को भ्रष्टाचार का प्रतीक बताते हुए कांग्रेस को भ्रष्टाचार की जननी करार दिया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के उस बयान का हवाला दिया, जिसमें कहा गया था कि केंद्र से भेजे गए एक रुपये में से केवल 25 पैसे ही लाभार्थियों तक पहुंचते थे। भाजपा विधायक को दी श्रद्धांजलिप्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले डिप्टी सीएम केशव मौर्य भाजपा विधायक प्रोफेसर श्याम बिहारी के आवास पर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी। गौरतलब है कि विधायक का 3 जनवरी को निधन हो गया था। उन्होंने कहा कि पूरा बरेली शोक में है और भगवान से प्रार्थना है कि परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति मिले। जी-राम-जी योजना से बढ़ेगा रोजगारडिप्टी सीएम ने बताया कि नई ‘जी-राम-जी योजना’ के तहत अब ग्रामीणों को 100 की जगह 125 दिन का रोजगार मिलेगा। इस योजना को पीएम गति शक्ति योजना से जोड़ा गया है ताकि विकास कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे।उन्होंने कहा कि पहले मनरेगा में एनजीओ के जरिए काम होता था, जिससे भ्रष्टाचार बढ़ा, लेकिन अब जी-राम-जी योजना में किसी भी एनजीओ की भूमिका नहीं होगी। योजना को एक महीने के भीतर जमीन पर उतारा जाएगा और मजदूरी का भुगतान सात दिनों के भीतर सीधे खातों में पहुंचेगा। विपक्ष पर तीखा हमलाकेशव मौर्य ने कहा कि कांग्रेस, सपा और टीएमसी को राम के नाम से परेशानी होती है और इसी वजह से वे इस योजना का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने अखिलेश यादव पर भी तंज कसते हुए कहा कि उन्हें सरकारी योजनाओं की सही जानकारी नहीं है।गरीबों के सम्मान की बातडिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा गरीबों की पूजा करती है और उनके सम्मान व कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार का लक्ष्य है कि हर योजना का लाभ सीधे पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और भ्रष्टाचार पर पूरी तरह अंकुश लगे।
