
सै. हैदर उस्मान / दैनिक विचार
बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने जेबकटी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के मोबाइल फोन, नकदी तथा एक तमंचा व कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, बारादरी थाने में तैनात दरोगा अखिलेश उपाध्याय अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक लगातार जेबकटी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और फिलहाल विकास भवन के पीछे स्थित एक खंडहर में बैठे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक ने अपना नाम सरफराज बताया, जो कांशीराम आवास कॉलोनी, सीबीगंज का निवासी है। उसकी तलाशी के दौरान दो मोबाइल फोन और चार मोबाइल बिल बरामद किए गए। वहीं दूसरे आरोपी हारिश, निवासी आदिल खां चक महमूद, थाना बारादरी क्षेत्र, के पास से नकदी, दो मोबाइल फोन तथा एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ।पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कबूल किया कि वे भीड़भाड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की जेब काटकर पर्स और मोबाइल फोन चोरी करते थे। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
