HomeBareillyभवाली कैंचीधाम मार्ग पर भीषण हादसा: बरेली की स्कॉर्पियो खाई में गिरी,...

भवाली कैंचीधाम मार्ग पर भीषण हादसा: बरेली की स्कॉर्पियो खाई में गिरी, 3 श्रद्धालकों की मौत

रिपोर्ट/हैदर अली

उत्तराखंड (भवाली)उत्तराखंड के नैनीताल जिले में भवाली–कैंचीधाम मार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दर्शन के लिए कैंचीधाम जा रही बरेली (उत्तर प्रदेश) की स्कॉर्पियो-N कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बैरियर को तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में कार सवार दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो कार भवाली से कैंचीधाम की ओर जा रही थी। सुबह करीब 10 बजे एक तीखे पहाड़ी मोड़ पर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। तेज रफ्तार होने के कारण कार बैरियर तोड़ते हुए सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई में उतरकर वाहन तक पहुंच बनाई। रेस्क्यू के दौरान कार में सवार सभी लोगों को बाहर निकाला गया। तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

बताया जा रहा है कि कार में कुल 9 लोग सवार थे, जो उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के इज्जतनगर क्षेत्र के निवासी थे। सभी लोग बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन के लिए कैंचीधाम जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, कार में सवार परिवार इज्जतनगर स्थित एयरफोर्स स्टेशन के पास रहता है और मृतकों में हिंदू जागरण मंच के एक पदाधिकारी के परिजन भी शामिल बताए जा रहे हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही बरेली में मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय प्रशासन ने परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और पहाड़ी मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है, हालांकि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

प्रशासन ने पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, गति सीमित रखें और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षित ड्राइविंग और सतर्कता की गंभीर आवश्यकता को उजागर करता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular