
रिपोर्ट /हैदर अली
देर रात नगर आयुक्त संजीव मौर्या ने रैन बसेरों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश
बरेली। कड़ाके की ठंड के बीच नगर निगम प्रशासन अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में नगर आयुक्त संजीव मौर्या ने देर रात शहर के विभिन्न रैन बसेरों का औचक निरीक्षण किया। अचानक हुए इस निरीक्षण से अधिकारियों में हड़कंप मच गया। नगर आयुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था, ठंड से बचाव के इंतजाम, साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रैन बसेरों में ठहरे जरूरतमंद लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
देर रात किए गए निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने रैन बसेरों में उपलब्ध रजाई, बिस्तर, तकिए और कंबलों की स्थिति की जांच की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी रैन बसेरों में पर्याप्त संख्या में साफ-सुथरे बिस्तर और गर्म वस्त्र अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराए जाएं, ताकि किसी भी व्यक्ति को ठंड से परेशानी न हो। साथ ही शौचालयों की सफाई, पेयजल की उपलब्धता और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए।
नगर आयुक्त संजीव मौर्या ने कहा कि ठंड के मौसम में बेघर और जरूरतमंद लोगों की सुरक्षा नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। रैन बसेरों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रात के समय भी नियमित रूप से निरीक्षण किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी व्यक्ति ठंड में खुले में सोने को मजबूर न हो।
रैन बसेरों में रुके लोगों ने व्यवस्थाओं को लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव नगर आयुक्त के सामने रखे। नगर आयुक्त ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से साफ-सफाई पर जोर देते हुए कहा कि रैन बसेरों की प्रतिदिन नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।
नगर निगम प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं कोई व्यक्ति ठंड में खुले में रह रहा हो, तो इसकी सूचना नगर निगम या संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर दें, ताकि उसे तुरंत सुरक्षित रैन बसेरे तक पहुंचाया जा सके।
