बुर्का में फर्जीवाड़ा, आबादी पर चिंता और मदरसों में विवादित घटनाओं पर साध्वी ने जताई नाराजगी

दैनिक विचार/ संवाददाता
बरेली। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की नेता साध्वी प्राची ने रविवार को सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि पूरे देश में बुर्का पहनने पर रोक लगनी चाहिए। उनका आरोप है कि चुनाव के दौरान बुर्के का गलत इस्तेमाल कर फर्जीवाड़ा किया जाता है। बिहार विधानसभा चुनाव में बुर्का पहनने वाली महिलाओं की विशेष जांच के चुनाव आयोग के फैसले का उन्होंने स्वागत किया। साध्वी ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा ने पूर्व मंत्री आजम खान को स्टार प्रचारक बनाकर यह दिखाया कि यह पार्टी हिंदू विरोधी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार होने से शांति और कानून व्यवस्था बनी हुई है। सितंबर में बरेली में उत्पन्न हालात में शहर को अशांति से बचाने के लिए पुलिस और प्रशासन की सराहना की आल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी पर साध्वी ने निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें सुधरना चाहिए। उन्होंने विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि नाबालिग बच्चे पुलिस पर हमला करते हैं, तो उनकी नसबंदी कर देश से कूड़ा-कचरा समाप्त किया जाना चाहिए। साध्वी ने यह भी दावा किया कि देश में हिंदुओं की जनसंख्या घट रही है जबकि मुस्लिम आबादी बढ़ रही है। मुरादाबाद के एक मदरसे में 13 वर्षीय बच्ची से वर्जिनिटी सर्टिफिकेट मांगने की घटना पर साध्वी ने इसे बहुत शर्मनाक और पीड़ादायक बताया। उन्होंने कहा कि जिस मदरसे में यह मामला हुआ, वहां विदेशी फंडिंग हो रही है। साध्वी ने भाजपा सरकार से उस मदरसे की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
