
ब्यूरो रिपोर्ट शाहजहांपुर
शाहजहांपुर। रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र के अंतर्गत मिश्रीपुर चौराहे पर स्थित देशी शराब के ठेके के आसपास प्रतिदिन शराबियों का जमावड़ा लगना आम हो गया है। शाम होते ही चौराहे का माहौल बिगड़ने लगता है और शराबियों द्वारा गाली-गलौज व अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है।स्थानीय लोगों के अनुसार ठेके के सामने खड़े होकर शराबी आपस में झगड़ते हैं, जिससे राहगीरों को निकलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। खासकर महिलाओं और बच्चों को यहां से गुजरते समय असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। कई बार तो लोगों को चौराहे पर रुककर इंतजार करना पड़ता है।निवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर पुलिस प्रशासन से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। लोगों का आरोप है कि नियमित पुलिस गश्त के अभाव में शराबियों के हौसले बुलंद हैं।स्थानीय जनता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि शराब के ठेके के आसपास नियमित गश्त बढ़ाई जाए और सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बहाल हो सके।
