
बरेली | विशेष रिपोर्ट
बरेली में पशु कल्याण के क्षेत्र में सक्रिय पीपुल फॉर एनिमल्स (PFA) के अध्यक्ष धीरज पाठक ने एक बार फिर मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है। रविवार को रामगंगा बैराज के पास घायल अवस्था में पड़े करीब 10 फीट लंबे विशालकाय अजगर को समय रहते रेस्क्यू कर उसकी जान बचाई गई।स्थानीय लोगों ने जब अजगर को एक ही स्थान पर असहाय और घायल हालत में पड़ा देखा, तो तुरंत इसकी सूचना धीरज पाठक को दी। सूचना मिलते ही वे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वन विभाग को भी अवगत कराया।वन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी सावधानी और सुरक्षा के साथ अजगर को काबू में लिया गया। चोट के कारण अजगर को चलने-फिरने में काफी परेशानी हो रही थी। मौके पर प्राथमिक उपचार के बाद अजगर को सुरक्षित कंटेनर में रखकर वन विभाग की टीम को सौंप दिया गया, ताकि आगे का इलाज और प्राकृतिक वातावरण में पुनर्वास सुनिश्चित किया जा सके।गौरतलब है कि मेनका गांधी द्वारा स्थापित संस्था पीपुल फॉर एनिमल्स (PFA) की बरेली इकाई का नेतृत्व कर रहे धीरज पाठक लंबे समय से पशु क्रूरता रोकने और घायल बेजुबानों के इलाज के लिए समर्पित रूप से कार्य कर रहे हैं। उनके द्वारा संचालित 24 घंटे की एम्बुलेंस सेवा और प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम जिले में किसी भी पशु दुर्घटना या क्रूरता की सूचना पर तुरंत सहायता पहुंचाती है।धीरज पाठक के निरंतर प्रयासों और मानवीय संवेदना के चलते आज वे बरेली में न केवल आम नागरिकों बल्कि बेजुबान जानवरों के लिए भी भरोसेमंद नाम बन चुके हैं।
