
बरेली (मीरगंज):जिला बरेली की तहसील मीरगंज के ग्राम फिरोजपुर की निवासी फिरोजी बेगम ने गांव के ही एक व्यक्ति पर उनकी कृषि भूमि पर अवैध कब्जा करने की कोशिश, पॉपलर के पेड़ काटने का प्रयास तथा जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस संबंध में मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को प्रार्थना पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।प्रार्थना पत्र के अनुसार, फिरोजी बेगम पत्नी स्वर्गीय मुज्जमिल हुसैन की कृषि भूमि गाटा संख्या 672, रकबा 0.1520 हेक्टेयर, ग्राम फिरोजपुर में स्थित है। भूमि में उनका 1/4 हिस्सा दर्ज है, जबकि अन्य हिस्सेदारों में रसूल जान व रजिया सुल्ताना का नाम बताया गया है। पीड़िता का कहना है कि उनके पति ने अपने जीवनकाल में उक्त भूमि पर लगभग 70 पॉपलर के पेड़ लगाए थे, जो वर्तमान में 7-8 वर्ष पुराने हैं। वर्ष 2022 में पति के निधन के बाद से वह स्वयं भूमि की देखभाल कर रही हैं।फिरोजी बेगम का आरोप है कि गांव के नाजिम खां पुत्र हामिद रजा खां, जो कथित रूप से अपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है, उनके खेत में लगे पॉपलर के पेड़ों को जबरन काटने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नाजिम खां स्वयं को भूमि का खरीदार बताता है, लेकिन कथित बैनामा या दाखिल-खारिज का कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करता। पीड़िता का कहना है कि खतौनी में भी उसका नाम दर्ज नहीं है।पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि विरोध करने पर उन्हें और उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उनका कहना है कि वह विधवा हैं और उनका बेटा बाहर रहकर काम करता है, जिसका फायदा उठाकर उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है।प्रार्थना पत्र में नाजिम खां के विरुद्ध पूर्व में दर्ज विभिन्न आपराधिक मुकदमों का भी उल्लेख किया गया है, जिनमें मारपीट, धमकी, लूट, हत्या के प्रयास, एससी/एसटी एक्ट तथा यूपी गुंडा एक्ट के मामले शामिल बताए गए हैं। हालांकि इन मामलों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।फिरोजी बेगम ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उन्हें व उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए, उनकी भूमि पर अवैध कब्जा व पेड़ों की कटाई रोकी जाए तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
