
मुरादाबाद।भारतीय गौरक्षा सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर मनोज सिंह ने पूर्व सांसद एवं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एस.टी. हसन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके कथित संरक्षण में मुरादाबाद जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में गौहत्या, अवैध खनन और भूमि कब्ज़े जैसी आपराधिक गतिविधियाँ लंबे समय से संचालित हो रही हैं।ठाकुर मनोज सिंह ने आरोप लगाया कि कलुआ, हनीफ, हाजी गुलाम नबी, ग्राम सत्तू नगला (थाना मुंडा पाण्डे) निवासी मुदासिर खान, सपा नेता एहसान हाफ़िज़, पूर्व प्रधान नरखेड़ा इरफ़ान, प्रधान वीरपुर बारियाल उर्फ खर्ग इक़बाल, नईम, अरमान उर्फ माली सहित कई नाम सामने आए हैं, जिन पर इन अवैध गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप हैं।राष्ट्रीय अध्यक्ष का कहना है कि ये लोग कथित रूप से अवैध खनन, गौहत्या और भूमि कब्ज़े के माध्यम से हर महीने लाखों रुपये की अवैध कमाई कर रहे हैं, जिससे सरकार को भारी राजस्व हानि हो रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध पूर्व में कई मुक़दमे दर्ज होने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।ठाकुर मनोज सिंह ने मुरादाबाद पुलिस प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस पर राजनीतिक दबाव में कार्य करने के आरोप लग रहे हैं। उनका दावा है कि शिकायत करने वालों और सूचना देने वालों को ही परेशान किया जाता है, जबकि आरोपित खुलेआम घूम रहे हैं।उन्होंने यह भी कहा कि आरोपितों के पास कथित रूप से करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति है, जिसकी निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच आवश्यक है।अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मांग की कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषियों के विरुद्ध सख़्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि कानून का भय स्थापित हो सके और आम जनता का विश्वास बहाल हो।
