
बरेली | Dainik Vichar Newsथाना इज्जतनगर क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब 100 फुटा रोड स्थित आम की बगिया के पास एक नाले में 50 वर्षीय व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस, PRV और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।कड़ी मशक्कत के बाद शव को नाले से बाहर निकलवाया गया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक की पहचान प्रेमनगर के चंदपुर निवासी सुरेश कुमार के रूप में हुई है। मौके से मृतक की साइकिल भी नाले में बरामद हुई है, जिससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।30 दिसंबर से थे लापतापरिजनों के अनुसार सुरेश कुमार 30 दिसंबर को घर से 100 फुटा रोड पर मछली खरीदने के लिए निकले थे, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। करीब 15 दिनों बाद शव मिलने की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया।पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवालघटना के बाद मृतक की बेटी और अन्य परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि सुरेश कुमार के लापता होने की सूचना देने के बावजूद पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। बेटी का आरोप है कि अगर समय रहते खोजबीन तेज की जाती, तो शायद उनके पिता की जान बच सकती थी।फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्यशव मिलने की सूचना पर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल लगाना पड़ा। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि मामला दुर्घटना का है या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के आरोपों को भी जांच में शामिल किया गया है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
