
बरेली | दैनिक विचार न्यूज़जनपद बरेली में हिस्ट्रीशीटरों के बढ़ते हौसले एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। कुख्यात हिस्ट्रीशीटर तौफीक प्रधान के बेटे आफताब ने अपने साथियों के साथ मिलकर सरेआम चाकूबाजी की वारदात को अंजाम दिया। इस हमले में कासिम नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना बारादरी थाना क्षेत्र के एजाज नगर गौटिया की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, किसी मामूली कहासुनी के बाद आफताब और कासिम के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि आफताब ने अपने साथियों को बुलाकर कासिम पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा।स्थानीय लोगों की सूचना पर घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद आफताब और उसके साथी मौके से फरार हो गए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।स्थानीय निवासियों का कहना है कि हिस्ट्रीशीटर तौफीक प्रधान और उसके परिवार का इलाके में लंबे समय से दबदबा है, जिसके चलते लोग खुलकर शिकायत करने से भी डरते हैं। लोगों का आरोप है कि आफताब खुलेआम घूमता है और खुद को कानून से ऊपर समझता है। आए दिन धमकी, मारपीट और दबंगई की घटनाएं सामने आती रहती हैं, लेकिन प्रभावशाली परिवार से जुड़े होने के कारण कार्रवाई नहीं हो पाती।गौरतलब है कि हाल ही में हिस्ट्रीशीटर तौफीक प्रधान बारादरी थाना प्रभारी से हुई तीखी नोकझोंक को लेकर भी सुर्खियों में रहा था, जिस पर पुलिस प्रशासन की कार्यशैली को लेकर सवाल उठे थे। अब बेटे द्वारा की गई इस वारदात ने एक बार फिर अपराधियों के बढ़ते मनोबल को उजागर कर दिया है।सूचना मिलते ही बारादरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।फिलहाल, बड़ा सवाल यही है कि क्या इस बार हिस्ट्रीशीटर तौफीक प्रधान और उसके बेटे आफताब पर सख्त कार्रवाई होगी, या फिर कानून का डर एक बार फिर दबंगई के आगे कमजोर साबित होगा।
