

सै.हैदर उस्मान
शाहजहांपुर।ढका उधरनपुर क्षेत्र में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड का फायदा उठाकर अवैध मिट्टी खनन व परिवहन का खेल चल रहा था, लेकिन प्रशासन की सतर्क नजरों से यह बच नहीं सका। सूचना मिलते ही अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविन्द ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापा मारा।छापेमारी के दौरान अपर जिलाधिकारी अरविन्द के साथ जिला खनन अधिकारी दिनेश आर्या, चौकी इंचार्ज विशेष कुमार एवं पीटीओ परिवहन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। यहां अवैध रूप से मिट्टी का खनन व परिवहन करते हुए दो डंपर और दो जेसीबी मशीनें पकड़ी गईं। सभी वाहनों को चौकी नागरिया मोड़ लाकर सीज कर दिया गया। संबंधित वाहनों के विरुद्ध परिवहन एवं खनन अधिनियम की धाराओं में विधिक कार्रवाई की गई।अपर जिलाधिकारी अरविन्द ने बताया कि इसी क्रम में रात्रि करीब 12 बजे आरटीओ प्रवर्तन टीम (ARTO) सर्वेश सिंह के साथ आरसी मिशन थाना क्षेत्र में मोरम लदे दो ट्रकों को सीज किया गया। मोरम उत्तराखंड से लाई जा रही थी और बरेली मोड़ की ओर ले जाई जा रही थी।वहीं शाहबाजनगर क्षेत्र में जिला खनन विभाग की टीम ने अवैध मिट्टी खनन के दौरान एक ट्रॉली को पकड़ा। कार्रवाई की भनक लगते ही ट्रॉली चालक कोहरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर चौकी नागरिया पुलिस को बुलाकर ट्रॉली को टोचन कर चौकी लाया गया और उसे भी सीज कर दिया गया।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन व परिवहन के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
